Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

अफेयर के शक में पति ने पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर…

हेडलाइंस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पारिवारिक विवाद का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश कर दी। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

रात के सन्नाटे में दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रेलहा में रहने वाली 45 वर्षीय महिला अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती है। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। महिला और उसका पति घर की परछी में सो रहे थे, जबकि बच्चे अलग कमरे में थे। आरोप है कि देर रात करीब ढाई बजे पति उठा और सबसे पहले बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद उसने सो रही पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

महिला की चीखों से जागे ग्रामीण

आग लगते ही महिला दर्द से चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।

चरित्र संदेह बना हमले की वजह

अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया कि उसकी शादी को लगभग 30 वर्ष हो चुके हैं। उनके तीन बेटियां और एक बेटा हैं। महिला के अनुसार उसका पति कई वर्षों से उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर अक्सर विवाद तथा मारपीट करता था। उसने आरोप लगाया कि मंगलवार रात भी इसी संदेह के चलते पति ने उसे जान से मारने की कोशिश की।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला

पचपेड़ी थाना पुलिस ने घायल महिला का बयान दर्ज कर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को आरोपी के बलौदाबाजार क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने दबिश भी दी, लेकिन आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की जा रही है और संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है। मामले की जांच जारी है तथा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

ख़बरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के WhatsApp Group को ज्वाइन करना न भूलें:
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version