Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 24 लाख किसानों के खाते में पहुंची 490 करोड़ रुपये से अधिक की राशि, खरीफ सीजन से पहले मिली बड़ी राहत…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के साथ सुना प्रधानमंत्री का संबोधन
हेडलाइंस

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसान परिवारों को 490 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्राप्त हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सलियाटोली में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए और किसानों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

किसानों की समृद्धि से विकसित भारत का निर्माण

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की प्रगति और समृद्धि का आधार किसान हैं। किसानों की उन्नति के बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इस योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल रही है।

‘खेत बचाओ अभियान’ से जुड़ने का आह्वान

प्रधानमंत्री ने कृषि भूमि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती माता और कृषि भूमि को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से देशभर में ‘खेत बचाओ अभियान’ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से इस अभियान से जुड़ने और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

खरीफ सीजन में किसानों को मिलेगा बड़ा संबल

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के तहत छत्तीसगढ़ के किसान परिवारों को मिली 490 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खरीफ सीजन की शुरुआत में महत्वपूर्ण सहायता साबित होगी। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस राशि से किसानों को खाद, बीज और अन्य कृषि आदान सामग्री खरीदने में मदद मिलेगी, जिससे खेती की तैयारियां समय पर पूरी हो सकेंगी और उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि होगी।

डबल इंजन सरकार किसानों के साथ : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अन्नदाता की समृद्धि ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मविश्वास और सम्मान का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि देश की सबसे सफल किसान कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है, जो किसानों को खेती-किसानी के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है।

धान खरीदी से लेकर ब्याज मुक्त ऋण तक अनेक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की व्यवस्था लागू है। इसके साथ ही किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, कृषक उन्नति योजना और अन्य किसान हितैषी योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।

किसानों ने जताया आभार

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत में मिली यह सहायता राशि खेती की तैयारियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। किसानों ने बताया कि इससे खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री की खरीद में सुविधा मिलेगी तथा खेती के कार्यों को समय पर गति मिल सकेगी। किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों से कृषि क्षेत्र को लगातार मजबूती मिल रही है।

कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, बेहतर बाजार व्यवस्था और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा दे रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर कृषि उद्यमिता और मूल्य आधारित कृषि से जोड़ना है, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का वास्तविक आधार है।

खबरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें :
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version