Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट, रायपुर में भी बरसेंगे बादल…

मौसम /छत्तीसगढ़

मानसून की दस्तक से पहले सक्रिय हुआ मौसम तंत्र, मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए जारी किया यलो अलर्ट
हेडलाइंस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बदलते मौसम के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

रायपुर में अंधड़ और बारिश के आसार

मंगलवार को राजधानी रायपुर के कुछ हिस्सों में तेज अंधड़ के साथ बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि इसके बाद निकली तेज धूप और बढ़ी नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। बुधवार को भी रायपुर में मौसम बदला-बदला रहने की संभावना जताई गई है। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और मौसम विभाग ने अंधड़ के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बिलासपुर सबसे गर्म, कई इलाकों में हुई बारिश

प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं स्थानीय मौसम तंत्र के प्रभाव से बस्तर क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई है। बस्तर में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि करपावंड, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2 से 3 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में भी वर्षा दर्ज की गई है।

इन जिलों के लिए जारी हुआ यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक के दौरान वज्रपात और लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

अगले पांच दिनों तक बने रहेंगे बारिश के हालात

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन वर्षा की गतिविधियों के चलते आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना भी बनी हुई है।

ख़बरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें :
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version