Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

मैट्स यूनिवर्सिटी मेगा जॉब फेयर 2026 का भव्य शुभारंभ, 45 से अधिक कंपनियां दे रहीं रोजगार के अवसर…

रायपुर / छत्तीसगढ़

700 से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीयन, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने युवाओं को सफलता का मंत्र दिया
हेडलाइंस

रायपुर। मैट्स यूनिवर्सिटी रायपुर परिसर में दो दिवसीय मैट्स यूनिवर्सिटी मेगा जॉब फेयर 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। रोजगार और करियर निर्माण को समर्पित इस आयोजन में रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में रायपुर के अनुविभागीय अधिकारी की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। जॉब फेयर में मैट्स यूनिवर्सिटी सहित प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

45 से अधिक कंपनियों ने दिखाई रुचि

मेगा जॉब फेयर में 45 से अधिक राष्ट्रीय और प्रतिष्ठित कंपनियों ने भागीदारी के लिए पंजीयन कराया है। विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। इस आयोजन में 700 से अधिक छात्रों ने पंजीयन कर रोजगार और करियर के अवसरों का लाभ उठाने के लिए सहभागिता की। पहले दिन ही कई कंपनियों ने विद्यार्थियों के साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी।

कलेक्टर ने युवाओं को दिया सफलता का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. गौरव कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को हर अवसर का सम्मान करने तथा अपने कौशल को लगातार विकसित करने की सलाह दी। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन ने युवाओं में आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार किया।

उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास पर जोर

कार्यक्रम में कुलाधिपति गजराज पगारिया, कुलपति प्रोफेसर डॉ. के. पी. यादव, महानिदेशक प्रियेश पगारिया तथा कुलसचिव गोकुलानंद पांडा भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा के साथ कौशल और व्यावहारिक ज्ञान का समन्वय ही बेहतर करियर की कुंजी है।

रोजगारोन्मुख शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है मैट्स यूनिवर्सिटी

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि मैट्स यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नियमित प्लेसमेंट ड्राइव, करियर काउंसलिंग, उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद, कौशल विकास कार्यशालाएं और रोजगार उन्मुख कार्यक्रम इसी दिशा में संचालित किए जा रहे हैं। मेगा जॉब फेयर 2026 भी युवाओं को प्रमुख नियोक्ताओं से जोड़ने और उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है।

दूसरे दिन और बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं

विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की रूपरेखा प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्रीकांत द्वारा तैयार की गई। आयोजन का समग्र समन्वय डॉ. उमेश गुप्ता ने किया। पहले दिन छात्रों, शिक्षकों, उद्योग प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थानों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। जॉब फेयर का दूसरा दिन 7 जून 2026 को आयोजित होगा, जिसमें और अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी के साथ भर्ती और चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

ख़बरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें।

https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version