Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रायपुर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण, राज्यपाल रमेन डेका ने कहा- शिवाजी का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़

राज्याभिषेक समारोह दिवस पर महाराष्ट्र मंडल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने एंबुलेंस देने की घोषणा की, बच्चों को किया सम्मानित

हेडलाइंस

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल रायपुर में शनिवार को छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक समारोह दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, स्वाभिमान, सुशासन और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण और नेतृत्व के लिए प्रेरित करता है।

राज्याभिषेक को बताया ऐतिहासिक स्वराज का प्रतीक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि 6 जून 1674 को रायगढ़ दुर्ग में हुआ छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक केवल एक राजतिलक नहीं था, बल्कि स्वतंत्र हिंदवी स्वराज की स्थापना का ऐतिहासिक क्षण था। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने अपने पराक्रम, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से स्वराज की मजबूत नींव रखी तथा देशवासियों में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का संचार किया।

सुशासन और जनकल्याण के आदर्श थे शिवाजी महाराज

राज्यपाल रमेन डेका ने छत्रपति शिवाजी महाराज को कुशल प्रशासक, प्रजावत्सल शासक और धार्मिक सहिष्णुता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित अष्टप्रधान व्यवस्था, संगठित नौसेना और जनकल्याणकारी नीतियां आज भी शासन व्यवस्था के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज के आदर्श वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके शासनकाल में थे।

महाराष्ट्र मंडल की सेवा यात्रा की सराहना

राज्यपाल ने महाराष्ट्र मंडल की 91 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मंडल द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक प्रकल्प समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्था भविष्य में भी समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

बच्चों को पुरस्कार, एंबुलेंस देने की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। राज्यपाल ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले चार बच्चों को पांच-पांच हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही महाराष्ट्र मंडल रायपुर को एक एंबुलेंस प्रदान करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर महापौर मीनल चौबे, महाराष्ट्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, संस्था के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में महाराष्ट्रीयन समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

ख़बरें और भी…
Exit mobile version