Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रेलवे स्टेशन के पास भीषण आग, बुधवारी बाजार की कई दुकानें चपेट में…

बिलासपुर। शहर के व्यस्त बुधवारी बाजार क्षेत्र में गुरुवार देर रात रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के समीप स्थित एक साइकिल दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानों तक फैल गई। ऊंची लपटों और घने धुएं से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के आसपास यातायात रोककर क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग साइकिल दुकान से शुरू होकर आसपास की इलेक्ट्रॉनिक और अन्य व्यावसायिक दुकानों तक फैल गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को लगाया गया और देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन करने और घटना की जांच करने में जुटेगा।

खबरें और भी हैं…

Exit mobile version