Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी…

मौसम/weather

आज से बढ़ेंगी वर्षा गतिविधियां, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं

हेडलाइंस :

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार प्रदेश में गुरुवार से वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना

भारतीय मौसम विभाग की जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

बीते 24 घंटों में दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई। वहीं पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, कटघोरा, पेंड्रा और सूरजपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिनभर गर्मी और उमस का असर बना रहा।

रायपुर में आंशिक बादल और अंधड़ के आसार

राजधानी रायपुर के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शहर में आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। दिन के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

किसानों और नागरिकों के लिए विशेष सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि वर्षा और तेज हवाओं के कारण खुले में रखी कृषि उपज को नुकसान पहुंच सकता है। आम नागरिकों को भी खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और वाहन सावधानीपूर्वक चलाने की सलाह दी गई है। साथ ही बारिश के दौरान खेतों में उर्वरक और कीटनाशकों के उपयोग से बचने की अपील की गई है।

खबरें और भी

www.swatantrachhattisgarh.com पर विजिट करें|

Exit mobile version