Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ विधानसभा को ‘पेपरलेस’ बनाने की तैयारी तेज, लोक निर्माण विभाग के सचिव ने किया निरीक्षण…

रायपुर / छत्तीसगढ़

नए विधानसभा भवन और निर्माणाधीन लोकभवन का दौरा, अधिकारियों को तकनीकी और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

हेडलाइंस

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित निर्माणाधीन लोकभवन और छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों, तकनीकी व्यवस्थाओं और अधोसंरचना विकास की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। सचिव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि विधानसभा को ‘पेपरलेस’ बनाने की दिशा में सभी तकनीकी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं।

लोकभवन निर्माण में गुणवत्ता और उपयोगिता पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान सचिव ने निर्माणाधीन लोकभवन परिसर का भ्रमण कर ले-आउट और फ्लोर प्लान का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन का निर्माण राज्यपाल की गरिमा और आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप उत्कृष्ट स्तर पर किया जाए। उन्होंने परिसर के सौंदर्यीकरण, प्राकृतिक रोशनी और भवन की पूर्ण उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए कार्य करने को कहा। सचिव ने सभा भवनों, कार्यालयीन कक्षों और बैठक व्यवस्था को पहले से निर्धारित कर उसी अनुरूप निर्माण कार्यों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

विधानसभा भवन में तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने नए विधानसभा भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश द्वार, सदन, अधिकारी दीर्घा, लॉबी, डाइनिंग एरिया, मीडिया ब्रीफिंग एरिया, समिति कक्ष, मुख्यमंत्री कार्यालय, विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय, उपमुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के कार्यालयों सहित अन्य प्रशासनिक कक्षों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी कार्यालयों में समुचित फर्नीचर और बेहतर बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून सत्र से पहले वर्तमान कमियों और तकनीकी खामियों को दूर करने को कहा।

शीतकालीन सत्र तक पेपरलेस व्यवस्था का लक्ष्य

सचिव ने विधानसभा को पूर्ण रूप से पेपरलेस बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी कार्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और चिप्स के अधिकारियों के साथ हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और अन्य डिजिटल व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस वर्ष के शीतकालीन सत्र तक सभी तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने हर पखवाड़े प्रगति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

पार्किंग, ड्राइवर रूम और कैन्टीन सुविधा पर भी फोकस

निरीक्षण के दौरान विधानसभा परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और वाहन चालकों के लिए सर्वसुविधायुक्त ड्राइवर रूम तैयार करने पर भी जोर दिया गया। सचिव ने प्रवेश द्वार क्रमांक-3 में पास काउंटर के समीप आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय कक्ष और विधानसभा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए कैन्टीन विकसित करने का सुझाव भी दिया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता टी.आर. कुंजाम, अधीक्षण अभियंता डी.के. नेताम और कार्यपालन अभियंता अभिनव श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version