Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर, छत्तीसगढ़ में 18 हजार दुकानें प्रभावित…

रायपुर /छत्तीसगढ़

ऑनलाइन दवा कंपनियों के खिलाफ केमिस्ट संगठनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल, रायपुर में 3 हजार से अधिक मेडिकल स्टोर बंद |

प्रमुख बिंदु

रायपुर। ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी छूट के विरोध में आज देशभर में केमिस्ट संगठनों द्वारा हड़ताल की जा रही है। छत्तीसगढ़ में इस हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिल रहा है, जहां करीब 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। इनमें थोक और खुदरा दोनों प्रकार की दवा दुकानें शामिल हैं। राजधानी रायपुर में भी 3 हजार से अधिक मेडिकल स्टोर बंद रहने की जानकारी सामने आई है।

छोटे कारोबारियों पर बढ़ रहा संकट

दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर स्थानीय मेडिकल स्टोर्स के कारोबार को प्रभावित कर रही हैं। इससे छोटे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। जिला केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कृपलानी ने कहा कि स्थानीय दवा दुकानों का अस्तित्व बचाने के लिए यह आंदोलन आवश्यक हो गया है।

व्यापारिक संगठनों और कांग्रेस का समर्थन

इस हड़ताल को अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ, चेंबर ऑफ कॉमर्स और कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने भी समर्थन दिया है। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी ने कहा कि यह केवल दवा व्यापारियों का मुद्दा नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों और स्थानीय बाजार व्यवस्था के संरक्षण का विषय है। वहीं कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ.राकेश गुप्ता ने कहा कि बड़ी ऑनलाइन कंपनियां स्थानीय कारोबार को नुकसान पहुंचा रही हैं, जिस पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

मरीजों के लिए प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था

हड़ताल को देखते हुए छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने राज्यभर में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने बताया कि जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, सरकारी अस्पतालों, नर्सिंग होम और अन्य वैकल्पिक माध्यमों से मरीजों को जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि घबराकर जरूरत से अधिक दवाओं का भंडारण न करें।

केमिस्ट संगठनों से सहयोग की अपील

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने छत्तीसगढ़ केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन से अपील की है कि हड़ताल के दौरान गंभीर मरीजों और आपातकालीन सेवाओं के लिए दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।

ख़बरें और भी…


Exit mobile version