Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल संकट की अफवाहों पर सरकार का बड़ा बयान, कहा- ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध…

छत्तीसगढ़

खाद्य सचिव रीना कंगाले ने लोगों से की अपील, घबराकर अतिरिक्त खरीदारी न करें

हेडलाइंस

सरकार ने कहा- प्रदेश में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। रीना बाबासाहेब कंगाले ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण नहीं करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और ऑयल कंपनियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं तथा सभी पेट्रोल पंपों तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद

खाद्य विभाग के अनुसार वर्तमान में राज्य में 45,474 किलोलीटर पेट्रोल और 84,654 किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। वहीं प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 3,635 किलोलीटर पेट्रोल और 5,873 किलोलीटर डीजल की खपत होती है।

रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि ऑयल डिपो को लगातार आवश्यकतानुसार आपूर्ति मिल रही है और किसी प्रकार की वास्तविक कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईंधन वितरण पूरी तरह सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

रायपुर और बिलासपुर के कुछ पंप हुए अस्थायी रूप से ड्राई आउट

प्रदेश में कुल 2,516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। इनमें रायपुर के 326 पंपों में से 35 और बिलासपुर के 156 पंपों में से 13 पंप फिलहाल अस्थायी रूप से ड्राई आउट बताए गए हैं।

खाद्य विभाग के अनुसार इन पंपों तक तेजी से स्टॉक पहुंचाने का कार्य जारी है और ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार सप्लाई भेजी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी पंपों पर स्थिति सामान्य हो जाएगी।

अफवाहों से बढ़ी मांग, सरकार ने की संयम बरतने की अपील

पिछले दो दिनों में कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की खबरों के बाद लोगों में घबराहट की स्थिति बन गई। इसके चलते कई लोगों ने आवश्यकता से अधिक पेट्रोल और डीजल खरीदना शुरू कर दिया, जिससे कुछ स्थानों पर कृत्रिम कमी जैसी स्थिति दिखाई देने लगी।

रीना बाबासाहेब कंगाले ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अफवाह या भ्रम में आकर पैनिक खरीदारी न करें। सरकार और ऑयल कंपनियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और प्रदेश में ईंधन की नियमित आपूर्ति जारी रहेगी।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version