Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

दिनदहाड़े कत्ल से दहला रायपुर: कमिश्नरेट लागू होने के बाद पहली हत्या ने खड़े किए बड़े सवाल…

रायपुर/छत्तीसगढ़ /क्राइम

हाइलाइट्स :
समय कॉलोनी में युवक की चाकू मारकर हत्या, अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद पहली हत्या
स्निफर डॉग व एफएसएल टीम से जांच, आरोपी अब तक फरार

समय कॉलोनी क्षेत्र में खूनी वारदात
राजधानी रायपुर में एक बार फिर अपराध ने कानून-व्यवस्था की चुनौती बढ़ा दी है। गुरुवार को समय कॉलोनी क्षेत्र में दिनदहाड़े लगभग 4 से साढ़े 4 बजे के बीच युवक दुर्गेश ध्रुव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक हाथी चौक के पास दुर्गेश की जांघ पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। घायल अवस्था में वह काफी देर तक मौके पर पड़ा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे तत्काल अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जांच तेज, लेकिन आरोपी अब भी बाहर
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने देर रात तक स्निफर डॉग और एफएसएल टीम की मदद से मौके की बारीकी से जांच की। हालांकि खबर लिखे जाने तक हमलावर का कोई सुराग नहीं लग सका था। सूत्रों के अनुसार इस मामले में पुलिस अधिकारी फिलहाल मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रायपुर रेलवे स्टेशन पर भी चाकूबाजी और लूट की घटना सामने आई थी, जिसने सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कमिश्नरेट व्यवस्था पर उठे सवाल
23 जनवरी से रायपुर में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू की गई है और वरिष्ठ आईपीएस संजीव शुक्ला को पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। पुलिस का दावा है कि नई व्यवस्था से अपराध पर अंकुश लगेगा, लेकिन कमिश्नरेट लागू होने के कुछ ही दिनों बाद हुई यह हत्या व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही है। शहरवासियों में दहशत का माहौल है और लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

खबरें और भी…

Exit mobile version