Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: उत्तरी जिलों में बारिश के आसार, तापमान में आ सकती है गिरावट…

मौसम /छत्तीसगढ़

उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ी बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड से राहत के बीच अब बादल छाने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के उत्तरी इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है। विशेष रूप से सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे दिन के तापमान में बदलाव महसूस किया जा सकता है।

तापमान में हो सकता है हल्का बदलाव
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, वर्तमान में तीन अलग-अलग सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय हैं, जिनमें से एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी वायुमंडल में पांच से छह किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है, जो नमी और बादल बनने की प्रक्रिया को तेज कर रहा है।

अंबिकापुर में घना कोहरा, जनजीवन प्रभावित
अंबिकापुर सहित सरगुजा जिले में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। सुबह से ही शहर धुंध की चादर में ढका नजर आया। सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट और इंडिकेटर का सहारा लेना पड़ रहा है, वहीं हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है।

खबरें और भी…

Exit mobile version