Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

चाकूबाजी और बढ़ते नशे के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, मुजगहन थाने का कार्यकर्ताओं ने किया घेराव…

रायपुर /छत्तीसगढ़

रायपुर जिले में लगातार हो रही चाकूबाजी, अवैध जुआ–सट्टा और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाया। बुधवार को सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुजगहन थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए और अपराधों पर लगाम लगाने की मांग की।

अपराध और नशे के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश
रायपुर जिले में बढ़ते अपराधों के विरोध में कांग्रेसजनों ने मुजगहन थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कानून व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते नशे की सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है, जिससे अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस की मिलीभगत से प्रकरणों को दबा दिया जाता है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

भाजपा सरकार और पुलिस पर तीखा हमला
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा कि शाम होते ही असामाजिक तत्व खुलेआम नशाखोरी करते हैं और उनके पास चाकू व पिस्तौल जैसे हथियार होना आम बात हो गई है। उन्होंने बताया कि नशे के कारण छोटे विवाद भी हिंसक घटनाओं में बदल रहे हैं। 26 जनवरी को मुजगहन थाना क्षेत्र में हुई दो चाकूबाजी की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 24 घंटे तक एफआईआर दर्ज नहीं होना पुलिस की लापरवाही को दर्शाता है, जिससे अपराधियों के हौसले और बुलंद हुए हैं।

‘रायपुर बनता जा रहा चाकूपुर’, सख्त कार्रवाई की मांग
रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पु बंजारे ने कहा कि पुलिस की अक्षमता के कारण रायपुर अब “चाकूपुर” के नाम से पहचाना जाने लगा है। बिना रोक-टोक नशे की अवैध बिक्री से युवाओं का सामाजिक और नैतिक संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे अपराधों में तेजी आई है। कांग्रेसजनों ने मौके पर उपस्थित सीएसपी से नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्धों पर सख्त कार्रवाई करने और हथियार व नशे की सामग्री की सप्लाई पर कठोर कदम उठाने की मांग की।

घेराव में प्रमुख रूप से बीरगांव नगर पालिक निगम के महापौर नंदलाल देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष हिरेन्द्र देवांगन, सहदेव व्यवहार, जयंत साहू, महेन्द्र चंद्राकर, आस मोहम्मद, नरेन्द्र साहू, चंपालाल देवांगन, योगेन्द्र सोलंकी, चंद्रहास निर्मलकर, सुरेश धीवर, राजा बंजारे, राजू साहू, तीरथ यादव, धीरज जैन, लखनलाल साहू, प्रवेश पांडे, नम्मू निषाद, नंदलाल धनकर, सतीष साहू, जितेन्द्र यादव, रामेश्वर साहू, लोकेश साहू, अरविंद सिंह, मुकेश साहू, गायत्री साहू, राकेश टंडन, गोपाल बाजपेयी, प्रकाश बंदे, कृणाल सिन्हा, मनीष मानिक, जस्मीत सेठी, सौरभ पलीत, परमानंद साहू, सजमन बाघ, गोपाल दीवान, लक्की धीवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version