Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

जांजगीर-चाम्पा में 20 लाख की सनसनीखेज लूट का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपी गिरफ्तार…

जांजगीर चाम्पा/ छत्तीसगढ़

थाना चाम्पा क्षेत्र में 20 लाख रुपये से अधिक की लूट और अपहरण की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। साइबर टीम और थाना चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले के मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 75 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार, चाकू, बेसबॉल स्टीक और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी हरीश देवांगन, जो अरविंद इंडस्ट्रीज चाम्पा में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है, 9 जनवरी 2026 को सक्ती क्षेत्र से कंपनी की राशि कलेक्ट कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान कोसमंदा तालाब के पास आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर अपहरण कर लिया और जबरन कार में बैठाकर मैनपाट ले गए। वहां लूट की रकम छीनने के बाद उसे गहरी खाई में धक्का देकर फरार हो गए। पीड़ित पूरी रात खाई में फंसा रहा और किसी तरह जान बचाकर अगले दिन पुलिस को सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर टीम द्वारा करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान कर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दो माह पूर्व इस लूट की योजना बनाई थी। फिलहाल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

खबरें और भी…

Exit mobile version