Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

एंजेल्स वैली इंग्लिश स्कूल में वार्षिक उत्सव का रंगारंग आयोजन सम्पन्न: विविध संस्कृतियों की एकता का दिया संदेश…

रायपुर/छत्तीसगढ़

रायपुर। दिनांक 12 जनवरी 2026 को एंजेल्स वैली इंग्लिश स्कूल, गोमती विहार (अमलीडीह) में विद्यालय का वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे परिधानों, सजी-धजी मंच-सज्जा और विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों से जीवंत नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना, गणेश वंदना एवं स्वागत गीत से की गई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और उल्लासपूर्ण बना दिया।

इस वर्ष वार्षिक उत्सव की मुख्य थीम “विविध संस्कृतियों को एकजुट कर विविधता का उत्सव” रखी गई, जिसे विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा। पी.पी. वन के नन्हे विद्यार्थियों ने नृत्य के माध्यम से दादा-दादी एवं नाना-नानी के महत्व को दर्शाते हुए पारिवारिक मूल्यों का सुंदर संदेश दिया। वहीं पी.पी.-2 के बच्चों ने बस्तर के दूरस्थ आदिवासी अंचल की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। उनकी प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को जीवंत कर दिया।


कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों ने आत्मबल जैसे प्रेरणादायक विषय पर आधारित प्रस्तुति देकर यह संदेश दिया कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय श्री सुनील कुमार सोनी जी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी जीवन में आवश्यक बताया और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के संचालक श्री मोहम्मद यूनुस कुरैशी एवं प्राचार्य रियाज कुरैशी ने सभी गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह वार्षिक उत्सव विद्यालय में शिक्षा, संस्कृति और एकता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

खबरें और भी…swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सएप ग्रुप को Follow करना न भूलें | https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें |  https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q

Exit mobile version