बिलासपुर/छत्तीसगढ़
हाइलाइट :
बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 1500 बच्चों ने स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में सामूहिक रूप से पूर्ण वंदेमातरम का गायन कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया, वहीं 5625 फीट लंबी रंगोली भी आकर्षण का केंद्र रही।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर ने स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा महोत्सव के अवसर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पुलिस ग्राउंड में आयोजित स्वामी विवेकानंद चेतना महोत्सव में 1500 बच्चों ने स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में एक साथ पूर्ण वंदेमातरम का गायन किया। इस सामूहिक प्रस्तुति ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना स्थान बनाया। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बच्चों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर पुलिस ग्राउंड में 5625 फीट में तैयार की गई विश्व की दूसरी सबसे बड़ी स्वामी विवेकानंद की रंगोली ने भी लोगों का ध्यान खींचा। रंगोली को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के अध्यात्म और संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए आत्मसंयम, आत्मनियंत्रण और आत्मअनुशासन को महानता का आधार बताया और कहा कि जो स्वयं पर शासन कर सकता है, वही सच्चे अर्थों में महान बनता है।
स्वामी विवेकानंद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस ग्राउंड से विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो विवेकानंद उद्यान में संपन्न हुई। वहां समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ स्वामी विवेकानंद उद्यान में लगी स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी आगामी दिनों तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी, जिससे लोग स्वामी विवेकानंद के विचारों और जीवन से प्रेरणा ले सकेंगे।
ख़बरें और भी…swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सएप ग्रुप को Follow करना न भूलें | https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें | https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q

