Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

SIR फॉर्म सुधार के नाम पर 13 वर्षीय बच्चे का अपहरण, छत से कूदकर बचाई जान…

बाराबंकी /उत्तरप्रदेश

हाइलाइट :
SIR फॉर्म सही कराने का झांसा देकर अमेठी के 13 वर्षीय बच्चे का अपहरण। बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र में हाईवे किनारे बंद मकान में रखा गया बंधक। बच्चे ने सूझबूझ दिखाते हुए छत से छलांग लगाकर बचाई जान, एक आरोपी गिरफ्तार।

अपहरण की साजिश और झांसा
उत्तर प्रदेश में SIR फॉर्म को लेकर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के बैसन पुरवा निवासी 13 वर्षीय हर्ष उर्फ कार्तिक पांडेय का बदमाशों ने अपहरण कर लिया। शनिवार 10 जनवरी 2026 को दो युवक बच्चे के घर पहुंचे और दिल्ली में प्राइवेट नौकरी कर रहे उसके पिता के SIR फॉर्म में कथित गड़बड़ी और निरस्तीकरण की बात कही। फॉर्म सही कराने के बहाने उन्होंने बच्चे को गांव के बारात घर चलने को कहा। फोन पर पिता से बात कराकर अनुमति लेने के बाद आरोपी किशोर को साथ ले गए और बाद में हैदरगढ़ में फॉर्म उपलब्ध होने का झांसा देकर बोलेरो गाड़ी में बैठाकर बाराबंकी ले आए।

बंद मकान में कैद और साहसिक बचाव
आरोपियों ने बच्चे को हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बारा टोल प्लाजा से आगे शायपुर मोड़ के पास एक बंद मकान में ले जाकर कमरे में बंद कर दिया। एक बदमाश बाहर से ताला लगाकर चला गया, जबकि दूसरा निगरानी करता रहा। करीब दो घंटे बाद खतरे को भांपते हुए बच्चे ने टॉयलेट जाने का बहाना किया और मौका पाकर छत पर चढ़ गया। वहां से उसने दीवार फांदकर छलांग लगाई और भागकर पास की दुकानों तक पहुंचा। बदहवास हालत में उसने स्थानीय लोगों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बंद मकान पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तारी, साजिश का शक और पुलिस कार्रवाई
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए बदमाश ने विरोध करने पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। हैदरगढ़ पुलिस ने उसकी पहचान नूरेन पुत्र सादिक अली, निवासी फरीदगढ़ मजरा आजादपुर, थाना इन्हौना, जनपद अमेठी के रूप में की है। पूछताछ में आरोपी ने बच्चे के पड़ोसी शिवम शुक्ला पर साजिश रचने का आरोप लगाया और अपने एक अन्य साथी फैसल पुत्र फारूक का नाम भी उजागर किया। कोतवाली इंस्पेक्टर अभिमन्यु मल्ल के अनुसार, संबंधित थानों को सूचना दे दी गई है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और अपहृत बच्चे के चाचा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version