Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रायपुर में साइबर ठगी: ज्वेलर्स बनकर वकील से 55 हजार की ऑनलाइन ठगी, वाट्सएप अकाउंट हैक कर दिया वारदात को अंजाम…

रायपुर/ छत्तीसगढ़

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने ज्वेलर्स का परिचित बनकर एक वकील से 55 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगों ने वाट्सएप के माध्यम से यूपीआई ट्रांजेक्शन करवाया और रकम कुछ घंटों में लौटाने का झांसा दिया। जब भुगतान के बाद भेजा गया स्क्रीनशॉट डिलीवर नहीं हुआ, तब पीड़ित को संदेह हुआ। जांच करने पर सामने आया कि ज्वेलर्स के नाम से भेजा गया संदेश फर्जी था और उनका वाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, शंकर नगर सेक्टर-02, दुर्गा मैदान के पास निवासी एवं पेशे से वकील विजय कुमार दास अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 8 जनवरी की शाम करीब 4.15 बजे उनके मोबाइल पर वाट्सएप के जरिए 55 हजार रुपये भेजने का संदेश आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को उनका परिचित नवकार ज्वेलर्स बताते हुए कहा कि उसका यूपीआई फिलहाल काम नहीं कर रहा है और वह दो घंटे के भीतर पूरी रकम वापस कर देगा। परिचित नाम देखकर भरोसा कर विजय कुमार दास ने यूनियन बैंक, पंडरी रायपुर स्थित अपने खाते से फोन-पे के जरिए बताए गए यूपीआई आईडी पर 55 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

ट्रांजेक्शन के बाद जब उन्होंने भुगतान का स्क्रीनशॉट वाट्सएप पर भेजा, तो मैसेज डिलीवर नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने नवकार ज्वेलर्स के वास्तविक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। कुछ देर बाद ज्वेलर्स की ओर से फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनका वाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और उन्होंने किसी से भी पैसों की मांग नहीं की है। तब जाकर विजय कुमार दास को ठगी का एहसास हुआ। ठगों ने वाट्सएप अकाउंट हैक कर ज्वेलर्स के नाम से संदेश भेजते हुए 55 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सएप ग्रुप को Follow करना न भूलें | https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें |  https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q

Exit mobile version