Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

जिला रेडक्रास सोसायटी की मानवीय पहल: अखबार वितरकों को बांटी गईं गरम जैकेट…

कोरबा/ छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सहित कोरबा जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड में जहां सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं तड़के सुबह 4 बजे उठकर 5 बजे से अखबार वितरण का कार्य शुरू करने वाले अखबार वितरकों के लिए यह समय किसी चुनौती से कम नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा एक सराहनीय मानवीय पहल करते हुए अखबार वितरकों को गरम जैकेट प्रदान की गईं।

टीपी नगर स्थित अखबार वितरक संघ के प्रधान कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला रेडक्रास सोसायटी के जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि कड़ाके की ठंड में भी अखबार वितरक नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अखबार वितरक संघ को भविष्य में भी हर संभव सहायता दी जाएगी। इस अवसर पर राज्य शाखा के जिला प्रतिनिधि एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन (पप्पु), वाइस चेयरमेन राजेन्द्र तिवारी, राहुल मोदी, अनिल अग्रवाल, मोहम्मद शफी, जफर अली सहित अन्य अतिथियों ने भी वितरकों को जैकेट प्रदान किए।

अखबार वितरक संघ के जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू ने जिला रेडक्रास सोसायटी का आभार व्यक्त करते हुए इसे वितरकों के लिए बड़ा संबल बताया। प्रदेश अध्यक्ष पदमसिंह चंदेल कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने दूरभाष पर सभी को शुभकामनाएं और धन्यवाद दिया। कार्यक्रम को योगेश जैन एवं राजेन्द्र तिवारी ने भी संबोधित किया। इस दौरान संघ के सचिव जयसिंह नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे और अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सएप ग्रुप को Follow करना न भूलें.       https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.  https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q

Exit mobile version