Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

सांसद से मिले व्यापारी संघ के पदाधिकारी, दी नए साल की बधाई — एक्सप्रेस ट्रेन स्टॉपेज और बैंक शाखा खोलने की उठी मांग…

आरंग/छत्तीसगढ़

नए वर्ष के अवसर पर आरंग व्यापारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दी। इस दौरान व्यापारियों ने क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं और मांगों से भी सांसद को अवगत कराया।

व्यापारी संघ के अध्यक्ष सूरज शर्मा ने बताया कि आरंग नगर की लंबे समय से लंबित मांगों में प्रमुख मांग एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव है। उन्होंने कहा कि नगर के लगातार हो रहे विस्तार, नगरपालिका का दर्जा मिलने, औद्योगिक और शैक्षणिक दृष्टि से बढ़ते महत्व को देखते हुए एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज आवश्यक हो गया है। खास तौर पर कोरबा–विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस और अहमदाबाद–पुरी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी गई।

इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा खोले जाने का प्रस्ताव भी सांसद के समक्ष रखा गया, ताकि वर्तमान शाखा पर दबाव कम हो सके और ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधा मिल सके। सांसद ने व्यापारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। आने वाले समय में इन विषयों पर विभागीय स्तर पर चर्चा आगे बढ़ाई जाएगी।

बैठक के दौरान नगर की राजनीतिक और विकास से जुड़ी गतिविधियों पर भी सार्थक चर्चा हुई। प्रतिनिधि मंडल में व्यापारी संघ अध्यक्ष सूरज शर्मा, उपाध्यक्ष पंकज शुक्ला, दीपक सोनी, बाके बिहारी अग्रवाल और अंगद साहू उपस्थित रहे।

खबरें और भी…

Exit mobile version