Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

सर्रागोंदी में धार्मिक स्थल पर अपवित्र सामग्री फेंके जाने से तनाव, ग्रामीणों में गहरा आक्रोश…

खैरागढ़/छत्तीसगढ़

जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर ग्राम सर्रागोंदी में एक धार्मिक स्थल पर अपवित्र सामग्री फेंके जाने की घटना से गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार नए साल की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल प्लेट और पानी के पाउच एक बोरी में भरकर उस स्थान पर फेंक दिए, जहां हनुमान मंदिर निर्माण का प्रस्ताव है। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थान उनकी आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस तरह की हरकत धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले यहां पीपल का पेड़ था और अब उसी स्थान पर हनुमान मंदिर बनाने की तैयारी चल रही है। गांव की 90 वर्षीय बुजुर्ग देवला बाई ने वर्षों पहले यहां पीपल का पौधा लगाया था और आज भी वे नए लगाए गए पौधे को रोज पानी देती हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों में गहरा रोष देखा गया। बड़ी संख्या में लोग खैरागढ़ थाने पहुंचे और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत सौंपी।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने भी इस मामले में नाराजगी जताई है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इधर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल का निरीक्षण किया जाएगा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

खबरें और भी…

Exit mobile version