Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट: तापमान 10°C से नीचे, प्रशासन अलर्ट मोड में…

मौसम /छत्तीसगढ़

हाइलाइट : छत्तीसगढ़ के 17 जिलों में मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर तापमान 10°C से भी नीचे पहुंच गया है। रायपुर नगर निगम ने शहरभर में अलाव की व्यवस्था शुरू की है ताकि बेघर और राहगीरों को राहत मिल सके।

17 जिलों में कोल्ड वेव की चेतावनी, कई जगह तापमान 10°C से नीचे
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मारवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात का पारा अचानक गिर गया है और कई स्थानों पर तापमान 10°C से कम दर्ज हुआ है। मैनपाट में तापमान 4°C से नीचे पहुंचने पर ओस की बूंदें बर्फ में बदल गईं, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3°C, पेंड्रा में 10°C और jagdalpur में 9.9°C रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में अलाव की व्यवस्था शुरू, नगर निगम फील्ड में सक्रिय
रायपुर में शीतलहर का असर बढ़ते ही नगर निगम ने राहत कार्य तेज कर दिया है। मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर शहर में 12 से अधिक लोकेशनों पर रातभर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है, ताकि बेघर, राहगीरों और आम नागरिकों को ठंड से तुरंत राहत मिल सके। निगम अधिकारियों, जोन कमिश्नरों और हेल्थ अधिकारियों को रात में फील्ड में मौजूद रहकर अलाव व्यवस्था की सतत निगरानी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, “सर्दी अचानक बढ़ने से आम लोगों को दिक्कत हो सकती है, इसलिए राहत सेवाओं को लगातार जारी रखा जा रहा है।

तापमान में और गिरावट की आशंका, सतर्क रहने की अपील
प्रदेश के कई जिलों में तापमान 10°C से नीचे पहुंचने के साथ ठंड का असर तेज हो गया है। पिछले 24 घंटों में जहां दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.9°C दर्ज किया गया, वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5°C रिकॉर्ड किया गया जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में रात का पारा और गिर सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है, जबकि प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रात में बाहर न निकलने की अपील की है।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version