Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

बिहार चुनाव 2025: शुरुआती रुझानों में NDA को बढ़त, डिप्टी सीएम विजय शर्मा बोले — “जंगल राज छोड़कर जनता ने विकास को चुना”

बिहार / स्वतंत्र छत्तीसगढ़ न्यूज़

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना शुरू होते ही सियासी गर्माहट और तेज हो गई है। सुबह 11 बजे तक मिले शुरुआती रुझानों में NDA ने स्पष्ट बढ़त बना ली है, जबकि महागठबंधन पिछड़ता दिखाई दे रहा है। मतदान के बाद से ही जिस कड़ी टक्कर की चर्चा थी, वह अब धीरे-धीरे एकतरफा होती नज़र आ रही है, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

इन शुरुआती नतीजों पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता ने एक बार फिर विकास के एजेंडे पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि NDA को 150 से अधिक सीटें मिलने का अनुमान पहले से ही था, क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान पूरे राज्य में विकास के प्रति सकारात्मक लहर महसूस की गई। शर्मा ने कहा, “मैं गया जिले में प्रचार के दौरान गया था। वहां लोगों का उत्साह देखकर साफ समझ आ गया था कि NDA आराम से 150 के पार जाएगी। बिहार की जनता ने जंगल राज को छोड़कर फिर विकास को चुना है।”

विजय शर्मा ने कांग्रेस और महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि नकारात्मक राजनीति का जनता ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में बिहार में हुए विकास कार्यों और योजनाओं को देखते हुए जनता का भरोसा स्वाभाविक रूप से NDA के साथ रहा। “कांग्रेस ने हमेशा भ्रम फैलाने की राजनीति की है, लेकिन बिहार की जनता अब जागरूक है और केवल विकास को महत्व देती है,” उन्होंने कहा।

मतगणना के रुझानों के साथ-साथ राजनीतिक दलों में रणनीति बदलने की तैयारी भी शुरू हो गई है। जहां NDA खेमे में जश्न जैसा माहौल नजर आने लगा है, वहीं महागठबंधन की ओर से अगली रणनीति पर गहन मंथन जारी है। चुनाव आयोग की ओर से अंतिम नतीजों की घोषणा शाम तक होने की संभावना है।

खबर में अपडेट जारी है…

Exit mobile version