Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

राज्योत्सव पर आसमान में गूंजा ‘जय जोहार’ , विधायक पुरंदर मिश्रा ने देखा वायुसेना की शौर्यगाथा का शानदार प्रदर्शन…

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने अपने रोमांचक करतबों से आकाश को देशभक्ति के रंगों में रंग दिया । इस भव्य अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि “यह एयर शो छत्तीसगढ़ की पहचान , गर्व और आत्मविश्वास का प्रतीक है । वायुसेना के जाबांज पायलटों का यह प्रदर्शन हर नागरिक के भीतर देशप्रेम की भावना को और गहराई से जगाता है ।”

कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन , राज्यपाल रमेन डेका , मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे । जब विमानों ने तिरंगे की आकृति बनाते हुए आसमान को देशभक्ति के रंगों से सजाया , तब पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “जय जोहार” के नारों से गूंज उठा । विधायक मिश्रा ने कहा कि “राज्योत्सव के इस गौरवपूर्ण क्षण ने हर छत्तीसगढ़वासी के मन में नई ऊर्जा और गर्व की भावना भर दी है ।”

एयर शो के दौरान सूर्यकिरण टीम के नौ हॉक मार्क-123 फाइटर विमानों ने दिल , डायमंड , लूप और कॉम्बैट जैसे कई शानदार फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया । छत्तीसगढ़ निवासी स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने अपने विमान से ‘जय जोहार’ और ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया , जिससे वातावरण पूरी तरह देशभक्ति से भर उठा ।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि “सूर्यकिरण टीम का प्रदर्शन केवल रोमांच नहीं , बल्कि यह अनुशासन , समर्पण और साहस का संगम है । इसने युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा दी है ।” उन्होंने वायुसेना के सभी पायलटों और अधिकारियों को राज्य की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस पर इससे बड़ा सम्मान और कुछ नहीं हो सकता था ।”

करीब एक घंटे तक चले इस एयर शो में विंग कमांडर ए.वी. सिंह के नेतृत्व में हेलीकॉप्टर यूनिट ने ‘आदिदेव ऑपरेशन’ के तहत स्काई रेस्क्यू और स्लिपरी रेस्क्यू डेमो भी प्रस्तुत किया , जिसमें गरुड़ कमांडोज़ ने केवल 15 मीटर की ऊंचाई से रस्सी के सहारे उतरकर युद्ध जैसी दक्षता का प्रदर्शन किया । विधायक मिश्रा ने कहा कि “‘सूर्यकिरण’ टीम भारत की आकाशगंगा में चमकता गौरव है , जिसने 1996 से अब तक 700 से अधिक शो प्रस्तुत किए हैं । यह टीम देश की एकता और उत्कृष्टता का प्रतीक है ।”

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा , सांसद बृजमोहन अग्रवाल , मंत्रीगण , अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे । समापन पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने वायुसेना के अधिकारियों से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया और कहा कि “आज का दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा ।”

खबरें और भी…

Exit mobile version