Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

“रायपुर में जल्द होगा लोकसभा सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन : बृजमोहन ने दिए निर्देश …

रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव की तैयारियाँ तेज़ रायपुर

रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल के निर्देशन में आगामी दिनों में रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन प्रस्तावित है । इस महोत्सव को लेकर आज नगर पालिक निगम रायपुर मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई । बैठक में महोत्सव की तैयारियों की रूपरेखा , आयोजन स्थल , खिलाड़ियों की सहभागिता और प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई ।

वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में बनी आयोजन की रूपरेखा

बैठक में जोन 5 अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल , महोत्सव व्यवस्था प्रभारी श्री शुक्ला , अपर आयुक्त श्री विनोद पाण्डेय , उपायुक्त श्री मोनेश्वर शर्मा , श्री जसदेव सिंह बाबरा , सभी जोन कमिश्नर , कार्यपालन अभियंता और खेल संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे । बैठक में नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि सभी जोन में महोत्सव की तैयारियाँ तेजी से आगे बढ़ रही हैं । रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने निर्देश दिए हैं कि सभी जोन कमिश्नर और स्कूल प्रबंधन खिलाड़ियों को प्रेरित करें ताकि वे खेल महोत्सव में अधिकतम संख्या में भाग लें और ऑफलाइन फार्म भरने की प्रक्रिया को तेजी से पूर्ण किया जा सके ।

खिलाड़ियों और नागरिकों से अधिक भागीदारी की अपील

सभी नागरिकों और खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें और रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव को सफल बनाएं । इच्छुक नागरिक नगर निगम के जोन कार्यालयों , क्षेत्रीय खेल अधिकारियों , स्कूल प्राचार्यों और वार्ड पार्षदों से संपर्क कर महोत्सव से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं । नगर निगम रायपुर के 10 जोनों के 70 वार्डों में खेल महोत्सव की जानकारी प्रचारित की जा रही है , ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और इस आयोजन का अधिकतम लाभ उठा सकें ।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version