Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

श्री बालाजी विद्या मंदिर में सम्मान समारोह, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ गौरवपूर्ण सम्मान; विद्यार्थियों को मिला प्रेरक संदेश…

रायपुर: रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर, सेक्टर-2 में शैक्षणिक सत्र 2024–25 के माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण उत्साह और उमंग से भरा हुआ था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री श्रीनिवास राव मद्दी (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य ब्रेवरेज कॉरपोरेशन) एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती कृतिका जैन (पार्षद, शहीद हेमू कलानी वार्ड) के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि श्री श्रीनिवास राव मद्दी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य होना आवश्यक है। लक्ष्य के बिना सफलता अधूरी है।” उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आदर्श चरित्र और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति न केवल अपने परिवार का, बल्कि राष्ट्र का भी गौरव बढ़ाता है। उन्होंने विद्यार्थियों और पालकों दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा पास करने का साधन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है।

विशिष्ट अतिथि श्रीमती कृतिका जैन ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “हर छात्र में एक विशिष्ट प्रतिभा होती है। बस उसे पहचानकर सही मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।”

कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए श्री जी. स्वामी ने कहा कि श्री मद्दी जी को छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा जो महती जिम्मेदारी सौंपी गई है, उससे आंध्र समाज गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र न केवल पढ़ाई में, बल्कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. फ्रेनी जयप्रकाश ने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए कहा कि “बच्चों की उच्च शिक्षा में पालकों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। जब घर और स्कूल का सहयोग एकसमान होता है, तब छात्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। मंच पर एक के बाद एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ — एकल गीत, समूह गीत और शास्त्रीय नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। अंत में अतिथियों का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में टी. श्रीनिवास रेड्डी, एम. श्रीनिवासराव, एल. रुबेश राव, अमित नायडू, के. विजय कुमार, डॉ. बी. रमेश पटनायक, श्री साई. गोपाल, टी. सुरेश, उमामहेश्वर काशी, उपप्राचार्या श्रीमती मौसमी भट्टाचार्या, पालकगण और विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुशलता से किया।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version