Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

वैशाली नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देशी कट्टा लहराकर लोगों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार…

दुर्ग। वैशाली नगर थाना पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देशी कट्टा लहराकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को थाना वैशाली नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मां शारदा ट्रेडर्स, जवाहर नगर के पास एक व्यक्ति देशी कट्टा रखे हुए है और राहगीरों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए वाले व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुबेदार सिंह यादव (उम्र 52 वर्ष), पिता रामजीत सिंह, निवासी मकान नंबर 11551/4 कैलाश नगर, थाना जामुल बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 347/2025, धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ और प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध हथियारों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी…

Exit mobile version