Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

“आईजी दीपक कुमार झा ने किया सरगुजा रेंज के लिए डिजिटल नवाचार — अब जनता दे सकेगी पुलिसिंग पर सीधे फीडबैक क्यू.आर. स्कैनर कोड से”

अंबिकापुर: 09 अक्सटूबर—रगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री दीपक कुमार झा ने तकनीकी नवाचार की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए आम नागरिकों और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से डिजिटल क्यू.आर. स्कैनर कोड का शुभारंभ किया है। इस पहल का उद्देश्य पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनता के अनुकूल बनाना है।

इस डिजिटल सुविधा का शुभारंभ पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर (सरगुजा भवन) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी और थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

आईजी श्री झा ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में अधिकांश लोग स्मार्टफोन और इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में जनता की भागीदारी और पुलिस से संवाद को और सुगम बनाने के लिए यह क्यू.आर. कोड एक प्रभावी माध्यम साबित होगा। इस कोड के जरिए नागरिक अपने क्षेत्र के थाना या चौकी की कार्यप्रणाली, पुलिस के व्यवहार एवं सेवा संबंधी अनुभव पर अपनी राय, सुझाव या शिकायत सीधे साझा कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिए गए फीडबैक की सीधी मॉनिटरिंग पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय द्वारा की जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक सुझाव या शिकायत पर उचित कार्रवाई हो। इससे पुलिस कर्मियों की जवाबदेही बढ़ेगी और जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं पारदर्शिता और अधिक सुदृढ़ होगी।

आईजी श्री झा ने बताया कि यह क्यू.आर. स्कैनर कोड पुलिस कार्यालयों, थाना-चौकियों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि नागरिक कहीं से भी अपने मोबाइल से आसानी से इसका उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार लाने में सहायक होगा, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास का पुल भी मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने आईजी सरगुजा रेंज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह एक आधुनिक और जनहितकारी पहल है, जिससे पुलिस और आम नागरिकों के बीच की दूरी और भी कम होगी।

खबरें और भी…follow करना न भूलें |

Exit mobile version