Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

सरकारी अस्पताल में नर्स का कारनामा – फर्जी दस्तखत से गर्भवती महिला रिफर…

कुरुद: 26 सितम्बर 2025— धमतरी जिले के सिविल अस्पताल कुरुद से स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डिलीवरी के लिए पहुंची एक गर्भवती महिला को निजी लाभ के लिए एक स्टाफ नर्स ने डॉक्टर के फर्जी हस्ताक्षर कर निजी अस्पताल रिफर कर दिया। मामले के खुलासे के बाद बीएमओ ने संबंधित नर्स को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मरीजों और कर्मचारियों के मुताबिक अस्पताल में रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान डॉक्टर और स्टाफ नर्स अपने आवास में जाकर आराम करते हैं, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। वहीं, दिन में भी कई डॉक्टरों का ध्यान अस्पताल में कम और अपनी निजी प्रैक्टिस में अधिक रहता है। यहां तक कि कुछ डॉक्टर अपने घर से दवा बेचने का कारोबार भी कर रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि जिस स्टाफ नर्स ने फर्जी हस्ताक्षर किए, उनका स्थानांतरण पहले ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोर्रा कर दिया गया है, लेकिन अब तक उन्हें कुरुद में ही पदस्थ रखा गया है, जो शासन के आदेश की अवहेलना है।

गौरतलब है कि 14-15 सितंबर की रात महिला वार्ड में एक युवक चाकू लेकर घुस आया था और एक महिला मरीज से अश्लील हरकत करने लगा। गार्ड ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह दीवार फांदकर फरार हो गया। इस गंभीर मामले पर भी अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई करने की बजाय चुप्पी साध ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल की लापरवाही से आए दिन मरीज परेशान रहते हैं। सरकार लाखों-करोड़ों रुपए खर्च कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन डॉक्टर और स्टाफ की उदासीनता से सिविल अस्पताल कुरुद की व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है।

डॉ. हेमराज देवांगन, बीएमओ सिविल अस्पताल कुरुद ने बताया कि मामले में संबंधित नर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। नर्स द्वारा दिए गए जवाब में आरोप निराधार प्रतीत हो रहे हैं, फिर भी उन्हें ड्यूटी के समय सजग रहने और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल विभागीय डॉक्टर को सूचित करने की हिदायत दी गई है।

वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG  फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh  whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q  ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509  (विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :(99934-54909)

Exit mobile version