Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

साय मंत्रिमंडल विस्तार अवैधानिक : चरण दास महंत ने राज्यपाल को पत्र लिखकर एक मंत्री को हटाने की मांग की…

रायपुर ;22 अगस्त 2025;

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने राज्यपाल रमन डेका को पत्र लिखकर साय सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार को अवैधानिक करार दिया है। महंत ने अपने पत्र में दावा किया कि राज्य मंत्रिपरिषद की कुल संख्या संविधान के अनुच्छेद 164 (1क) का उल्लंघन कर रही है और इस स्थिति में एक मंत्री को पद से हटाना अनिवार्य है।

महंत ने दलील दी है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की कुल संख्या 90 है, जिसका 15 प्रतिशत 13.50 होता है। ऐसे में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की संख्या 13 से अधिक नहीं होनी चाहिए। लेकिन 20 अगस्त को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद तीन नए मंत्री जोड़े जाने से यह संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जो संवैधानिक सीमा से अधिक है।

अपने पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य गठन के बाद अजीत जोगी सरकार में 26 मंत्री थे, बाद में रमन सिंह सरकार में मंत्रियों की संख्या 17 रही। इसके पश्चात मंत्रिपरिषद की संख्या 13 तय की गई थी। वर्ष 2019 में विधानसभा सत्र के दौरान मंत्रियों की संख्या 13 से 14 करने का प्रस्ताव भी लाया गया था, जिसका भारतीय जनता पार्टी ने विरोध किया था।

महंत ने राज्यपाल से मांग की है कि संविधान के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करते हुए मंत्रिमंडल से एक मंत्री को हटाया जाए।

गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मंत्रिमंडल विस्तार को नियमविरुद्ध बताते हुए भाजपा पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि जब संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव कांग्रेस सरकार ने विधानसभा में रखा था, तब भाजपा ने उसका विरोध करते हुए सदन से वॉकआउट किया था, जबकि अब वही कदम भाजपा सरकार उठा रही है।

वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG  फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh  whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q  ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509

Exit mobile version