Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रायपुर को मिलेगी ट्रैफिक से बड़ी राहत: शहर में एक साथ 7 नए ओवरब्रिज, बजट स्वीकृत, एक साल में होगा निर्माण…

रायपुर : 28 जुलाई 2025

रायपुर। राजधानी रायपुर की 25 लाख से अधिक की आबादी के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। शहरवासियों को ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों से मुक्ति दिलाने के लिए पहली बार एक साथ 7 नए ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पूरी तैयारी कर ली है और सभी प्रस्तावों को बजट की मंजूरी मिल चुकी है। विभाग का लक्ष्य है कि सभी ओवरब्रिजों का निर्माण एक साल के भीतर पूरा कर लिया जाए।

PWD द्वारा कराए गए सर्वे में यह सामने आया कि किन-किन सड़कों पर सबसे अधिक ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं होती हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर ब्रिज की लोकेशन तय की गई है। नए फ्लाईओवर शहर की चारों दिशाओं में होंगे, जिससे ट्रैफिक दबाव समान रूप से कम होगा और आमजन के कीमती समय की भी बचत होगी। हर सड़क पर औसतन 15 से 20 मिनट तक का समय बचेगा।

📍 कहां-कहां बनेंगे नए ओवरब्रिज? जानिए पूरी लिस्ट:

1. कालीबाड़ी चौक से पुलिस लाइन गेट तक

2. फुंडहर चौक से टेमरी तक

3. अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल (केनाल लिंकिंग रोड)

4. गुढ़ियारी – एक्सप्रेस वे कनेक्टिविटी

5. मोवा – खालसा स्कूल से रिलायंस मार्ट

6. भनपुरी चौक

7. खारून नदी पर नया ब्रिज

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, रायपुर शहर में ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर जो भी योजना बनी है, वह सर्वे के तथ्यों पर आधारित है। खास बात यह है कि सभी प्रस्तावों को उच्च मुख्यालय से हरी झंडी मिल चुकी है। विभाग का दावा है कि एक साल के भीतर अधिकांश फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाएंगे।

रायपुर में बनेगा छत्तीसगढ़ का सबसे लंबा Y-शेप फ्लाईओवर

इसके अतिरिक्त, रायपुर के तेलीबांधा चौक पर राज्य का सबसे लंबा फ्लाईओवर बनने जा रहा है जिसकी लंबाई 3 किलोमीटर होगी और इसका Y शेप डिज़ाइन इसे विशेष बनाएगा। यह ब्रिज टाटीबंध से लाभांडी तक बिना किसी ट्रैफिक बाधा के शहर को पार करने की सुविधा देगा। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी घोषणा की है। इसके साथ ही सरोना, उद्योग भवन और धनेली में भी फ्लाईओवर निर्माण की योजना है।

क्या बोले PWD मंत्री?

PWD मंत्री अरुण साव ने कहा, “रायपुर की पहचान अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन रही है। इसी सोच के साथ शहर को आधुनिक यातायात सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। आने वाले समय में रायपुर की सड़कें देश के बड़े शहरों के मुकाबले कहीं बेहतर नजर आएंगी।

रायपुर की तेज़ी से बढ़ती आबादी और यातायात दबाव को देखते हुए यह निर्णय शहर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। ओवरब्रिज और फ्लाईओवर की इस श्रृंखला से जहां लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, वहीं समय की भी बचत होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। आने वाला साल रायपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में ऐतिहासिक साबित हो सकता है।

Exit mobile version