Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

सावन सोमवार पर कनकेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं को हथियार दिखाकर धमकाने वाले दो युवक गिरफ्तार…

कोरबा : 23 जुलाई 2025

सावन सोमवार के अवसर पर कनकेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के कनवेरी नहर रोड की है, जहां दो युवक डीजे की धुन पर नाचते हुए पिस्तौल और फरसानुमा तलवार लहराते नजर आए।

घटना से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग भयभीत होकर लौट गए, जबकि कुछ ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

यह भी पढ़े : श्याम मंदिर चोरी कांड सुलझा, 25 लाख के आभूषण और नकदी समेत आरोपी गिरफ्तार…

घटना की शिकायत मेघनाथ यादव नामक व्यक्ति ने उरगा थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और मानिकपुर चौकी क्षेत्र के खपरा भट्टा निवासी 22 वर्षीय विकास शर्मा और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चिमनी भट्टा निवासी 21 वर्षीय राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से हथियार भी जब्त कर लिए हैं।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है और उनके खिलाफ अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक:https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version