Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

श्याम मंदिर चोरी कांड सुलझा, 25 लाख के आभूषण और नकदी समेत आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़ : 23 जुलाई 2025

रायगढ़ के ऐतिहासिक श्री श्याम मंदिर में 13-14 जुलाई की रात हुई बड़ी चोरी की गुत्थी पुलिस ने महज 9 दिन में सुलझा ली है। चोर मंदिर से भगवान श्याम का सोने का मुकुट, अन्य आभूषण और नकदी समेत करीब 25 लाख रुपये का माल लेकर फरार हुआ था। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया गया है।

प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने फेसबुक पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि “पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है और हमारे आराध्य भगवान श्याम का मुकुट समेत समस्त आभूषण व नकदी बरामद कर ली है।”

यह भी पढ़े : दुर्ग पुलिस की कार्रवाई: चाकू की नोक पर लूट करने वाले गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल जब्त…

घटना की रात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर सफेद कपड़े से मुंह ढंके नजर आया था। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और इलाके के कई सीसीटीवी खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर आखिरकार आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी सरिया क्षेत्र का निवासी भोजराम हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरी गोपनीयता बरती है।

बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला आज रायगढ़ पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेंगे।

इस घटना के खुलासे से श्रद्धालुओं में राहत की लहर है और पुलिस की तत्परता की जमकर सराहना की जा रही है।

व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक:https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version