Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

बांग्लादेश में वायुसेना का ट्रेनर विमान स्कूल पर गिरा, 19 की मौत, 164 घायल — गहरा राष्ट्रीय शोक…

ढाका, 21 जुलाई 2025:
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब देश की वायुसेना का एक ट्रेनर फाइटर जेट F-7 BGI तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हो गया और शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल “माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज” पर जा गिरा। यह घटना दोपहर करीब 1:18 बजे की है, जब स्कूल में क्लासेस चल रही थीं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

अब तक 19 लोगों की मौत, 164 घायल

इस भीषण हादसे में अब तक 19 लोगों की जान चली गई, जिनमें विमान का पायलट, स्कूल के छात्र, शिक्षक, अभिभावक और कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा 164 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 60 से ज्यादा को गंभीर जलन के चलते बर्न इंस्टीट्यूट भेजा गया है। अन्य घायल उत्तरा मेडिकल कॉलेज सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।

बांग्लादेश सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सेना ने स्कूल परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया है और राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
फायर सर्विस ने बताया कि उन्हें दोपहर 1:18 बजे घटना की सूचना मिली और 1:22 बजे उनकी पहली यूनिट घटनास्थल पर पहुंच गई। उत्तरा, टोंगी, पल्लबी, मीरपुर समेत आठ फायर स्टेशनों के जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे रहे।

यूनुस का शोक संदेश

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा: “इस विमान हादसे में वायुसेना के सदस्य, माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के छात्र, अभिभावक, शिक्षक और कर्मचारी सहित जिन लोगों को नुकसान हुआ है, वह अपूरणीय है। यह देश के लिए एक बेहद दुखद क्षण है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

विमान: F-7 BGI की जानकारी

मोहम्मद यूनुस ने दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। विमान क्रैश के कारणों की विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी। शुरुआती रिपोर्ट्स तकनीकी खराबी की ओर इशारा कर रही हैं।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version