Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

ग्वालियर में झमाझम बारिश का असर: तिघरा डैम जुलाई में ही पांच बार फुल…

ग्वालियर : 18 जुलाई 2025

शहर में शुक्रवार सुबह से लगातार तेज बारिश का सिलसिला जारी है। सुबह 8 से 11 बजे के बीच ही एक इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। अब तक कुल 672.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो शहर के तय औसत कोटे से 238% अधिक है। शहर का वार्षिक औसत बारिश कोटा पूरा होने में अब सिर्फ 34 मिमी बारिश की और जरूरत है।

मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल संभाग के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर और शिवपुरी जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

बारिश की वजह से शहर और आसपास के नदी-नाले उफान पर हैं। ग्वालियर की ‘लाइफलाइन’ कहे जाने वाले तिघरा डैम में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। इस साल जुलाई में ही पहली बार ऐसा हुआ है कि इसके गेट पांच बार खोलने पड़े हैं।

यह भी पढ़े : भोपाल एमपी नगर में सड़क धंसी, 50 साल पुराना अंडरग्राउंड नाला बना वजह…

तिघरा के कैचमेंट एरिया सहित ककैटो, अपर ककैटो और पेहसारी बांधों में भी भारी बारिश हो रही है, जिससे लगातार पानी तिघरा में आ रहा है। पिछले दो वर्षों में सितंबर में गेट खोले गए थे, जबकि इस बार जुलाई में ही पांच बार गेट खोलने की नौबत आ गई।

बारिश के चलते शहर के झरने बहने लगे हैं और पिकनिक स्पॉट्स पर भीड़ बढ़ रही है।

डिप्रेशन सिस्टम से सक्रिय हुआ मानसून
मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती के अनुसार, दक्षिण यूपी और मध्यप्रदेश में डिप्रेशन सिस्टम सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ लाइन के चलते नमी आ रही है, जिससे भारी बारिश हो रही है।

वहीं वैज्ञानिक अरुण कुमार ने बताया कि मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना में अच्छी बारिश हो रही है।

बारिश का यह दौर अगले 24 घंटे तक तेज रहने की संभावना है, उसके बाद भी रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी रह सकती है।

जिला कोटे के लिए अभी चाहिए 235 मिमी बारिश
हालांकि शहर का कोटा लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन ग्वालियर जिले का औसत बारिश कोटा पूरा होने के लिए अभी भी लगभग 235 मिमी बारिश और अपेक्षित है।

व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक:https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version