Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

खाद की कमी पर विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस के 30 विधायक एक दिन के लिए निलंबित…

रायपुर, 17 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को खाद की कमी को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया, जिसके चलते कांग्रेस के 30 विधायकों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार डीएपी (डायमोनियम फॉस्फेट) उर्वरक की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रही है।

प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने राज्य में डीएपी की कमी का मुद्दा उठाया। जवाब में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्वीकार किया कि केंद्र से निर्धारित आपूर्ति योजना की तुलना में अब तक सिर्फ 1,08,155 मीट्रिक टन डीएपी ही पहुंच पाया है, जबकि 3.10 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया था।

उन्होंने कहा कि रबी सीजन से बचा स्टॉक जोड़ने पर कुल 1.48 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण हुआ है, लेकिन फिर भी राज्य में डीएपी की कमी बनी हुई है। मंत्री ने बताया कि किसानों को विकल्प के रूप में अन्य फॉस्फेटिक उर्वरकों और नैनो डीएपी को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

विपक्ष ने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों में उर्वरक की कमी का लाभ उठाकर निजी विक्रेता खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी की और अध्यक्ष के आसन के समक्ष आ गए।

हंगामे के चलते अध्यक्ष को दो बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। बाद में अध्यक्ष रमन सिंह ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित 30 कांग्रेस विधायकों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया।

निलंबन के बावजूद विपक्षी सदस्य सदन में डटे रहे, जिस पर अध्यक्ष ने गहरी नाराजगी जताई और उन्हें नियमों के उल्लंघन के लिए दोषी ठहराया।

व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक:https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version