Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

आवारा कुत्तों का बढ़ता खतरा, छात्रा पर हमला, 6 माह में 24 हजार केस…

इंदौर : 15 जुलाई 2025

इंदौर के श्रीनगर एक्सटेंशन में शनिवार सुबह कॉलेज जा रही एक छात्रा पर चार आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे गिराकर पैर में काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी सहेली ने स्कूटी रोककर किसी तरह कुत्तों को भगाया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिससे कॉलोनी में दहशत है। रहवासी विशाल और शैफाली अग्रवाल घायल छात्रा को घर ले गए और प्राथमिक उपचार किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पास की कॉलोनियों से रोज रात को खुले में नॉनवेज और जूठन फेंकी जाती है, जिससे कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कई बार नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

यह भी पढ़े : पितृ पर्वत से चिंतामण गणेश तक बनेगा 50 किमी फोरलेन बायपास, 25 गांवों की जमीन अधिग्रहित…

हुकुमचंद अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, इस साल 1 जनवरी से 13 जुलाई तक इंदौर में आवारा कुत्तों द्वारा काटे जाने के 24 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि सभी को समय पर एंटी रैबीज वैक्सीन दी गई, लेकिन हमलों का सिलसिला थम नहीं रहा।

रहवासियों ने नगर निगम से अपील की है कि कुत्तों पर नियंत्रण और खुले में खाने की चीजें फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

Exit mobile version