Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

निजामाबाद से बड़ी खबर: अमित शाह ने किया राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड कार्यालय का उद्घाटन, माओवादियों को दी चेतावनी, किसानों को दिलाया भरोसा…

निजामाबाद, 30 जून 2025
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को निजामाबाद में राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड के कार्यालय का उद्घाटन किया और इस मौके पर किसान महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि निजामाबाद और आसपास के क्षेत्रों में उगाई जाने वाली हल्दी को अब विदेशों में निर्यात किया जाएगा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग को भुनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों की चार दशक पुरानी मांग को पूरा करते हुए इस बोर्ड का गठन किया गया है।

माओवादियों को दो टूक संदेश: “हथियार डालें, नहीं तो सख्त कार्रवाई तय”

अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार माओवादियों से किसी भी प्रकार की वार्ता नहीं करेगी जब तक वे हथियार नहीं डालते। उन्होंने कहा, “40,000 से अधिक आदिवासियों की हत्या करने वालों से हम बात नहीं कर सकते। उन्होंने पुलिस कर्मियों को भी निशाना बनाया है।” उन्होंने चेतावनी दी कि माओवाद का पूर्ण खात्मा मार्च 2026 तक कर दिया जाएगा। साथ ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को आगाह करते हुए कहा कि राज्य माओवादियों का अड्डा न बने, इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की है।

भ्रष्टाचार पर कांग्रेस और बीआरएस पर निशाना

शाह ने बीआरएस और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीआरएस के कार्यकाल में धरणी पोर्टल, कालेश्वरम परियोजना, सिंगरेनी कोल फील्ड्स और टीएसपीएससी जैसी परियोजनाओं में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ, लेकिन कांग्रेस सरकार आने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा, “पहले तेलंगाना केसीआर परिवार का एटीएम था, अब दिल्ली का एटीएम बन गया है।”

किसानों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाभ

गृह मंत्री ने बताया कि हल्दी किसानों के लिए विशेष मार्केटिंग, पैकेजिंग और निर्यात की व्यवस्था की जाएगी। निजामाबाद में भारत एक्सपोर्ट लिमिटेड और भारत ऑर्गेनिक लिमिटेड की शाखाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त किसानों को अमेरिका, स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, यूके जैसे देशों में अध्ययन और प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा ताकि वे अपनी फसल का बेहतर मूल्य पा सकें।

मोदी सरकार में सुरक्षित भारत: शाह

अमित शाह ने कहा कि पहले आतंकवादी भारत में हमला करके बचकर चले जाते थे, लेकिन अब मोदी सरकार के कार्यकाल में उरी और पुलवामा हमलों के बाद सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर आतंक के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया। उन्होंने कहा, “जो पाकिस्तान भारत को चैन से नहीं रहने देने की धमकी देते थे, आज वही खुद चैन से नहीं रह पा रहे।”

यूरिया की समस्या का समाधान: किशन रेड्डी

इस कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री किशन रेड्डी ने भी किसानों की समस्याओं पर बात करते हुए कहा कि पहले यूरिया के लिए किसान परेशान रहते थे, लेकिन अब सरकार 3500 रुपये की बोरी केवल 260 रुपये में उपलब्ध करा रही है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने निजामाबाद को हल्दी बोर्ड का तोहफा दिया है, जो कांग्रेस कभी नहीं दे पाई।

भविष्य की तैयारी में जुटी भाजपा

कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय ने तेलंगाना की जनता से अपील की कि उन्होंने अब तक सभी दलों को मौका दिया, अब अगली बार भाजपा को मौका दें। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही तेलंगाना में भी डबल इंजन की सरकार बनेगी, जिससे राज्य का विकास और तेज होगा।

हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG हमारे फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/me हमारे यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh  हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

Exit mobile version