Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

पुरी रथयात्रा में भगदड़ से मची अफरातफरी…

पुरी, 29 जून (संवाददाता)
विश्वप्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान रविवार तड़के पुरी में बड़ा हादसा हो गया। भगवान जगन्नाथ के नंदीघोष रथ के पास दर्शन के लिए जुटी भीड़ अचानक बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।

घटना सुबह लगभग 4 बजे गुंडिचा मंदिर के सामने हुई, जहां भगवान जगन्नाथ का रथ पहुंचा ही था। मृतकों की पहचान बसंती साहू (36 वर्ष), प्रेमकांति महांति (78 वर्ष) और प्रभाती दास के रूप में हुई है। सभी शवों को पुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मॉर्चरी में रखा गया है। घायलों का इलाज जारी है।

रथ के दर्शन के दौरान मची भगदड़

जानकारी के अनुसार, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथ पहले ही गुंडिचा मंदिर में पहुंच चुके थे। इसके बाद जब भगवान जगन्नाथ का रथ वहां पहुंचा तो हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। इसी दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कई लोग जमीन पर गिर पड़े और कुछ श्रद्धालु कुचले गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं थे, जिससे हालात पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका।

शुक्रवार को भी बिगड़े थे हालात

गौरतलब है कि 27 जून (शुक्रवार) को भी रथयात्रा के दौरान भारी भीड़ के कारण 625 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई थी। उनमें से 70 को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, जिनमें 9 की हालत गंभीर बताई गई थी। लगातार दो दिनों की घटनाओं ने रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के नि:शुल्क इलाज के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।

श्रद्धा के सैलाब में व्यवस्था ढही

पुरी की जगन्नाथ रथयात्रा हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। श्रद्धा का यह सैलाब इस बार प्रशासन के लिए चुनौती बन गया। भीड़ नियंत्रण में लापरवाही ने श्रद्धा के उत्सव को शोक में बदल दिया।

हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG हमारे फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/me हमारे यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh  हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

Exit mobile version