Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

अंबिकापुर: सरगुजा की युवती को एक लाख में बेचा, सात आरोपी गिरफ्तार, मंदिर में जबरन कराया विवाह…

अंबिकापुर : 27 जून 2025

बेहतर नौकरी और ऊंची तनख्वाह का झांसा देकर सरगुजा की एक युवती को मानव तस्करी का शिकार बना लिया गया। युवती को उत्तर प्रदेश ले जाकर जबरन शादी करवा दी गई और एक लाख रुपये में सौदा तय किया गया। इस घिनौनी साजिश में युवती की सहेली, उसका पति और सास तक शामिल रहे। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर युवती को मुक्त कराया है।

सुनियोजित तरीके से रची गई साजिश

पीड़िता ने बताया कि अंबिकापुर के चठिरमा निवासी काबिल अंसारी, उसकी पत्नी हीना और सास रामेश्वरी सोनवानी ने उसे अच्छे काम और ज्यादा वेतन का झांसा दिया। जब युवती इनके साथ उत्तर प्रदेश पहुंची, तो वहां उसका जबरन विवाह करवा दिया गया। आरोपियों ने उसे कथित पति सुमित राठौर को बेच दिया और इसके बदले एक लाख रुपये वसूले।

फोन कॉल से खुला राज़

19 जून को अंबिकापुर के एक होटल में काम कर रही युवती को एक फोन कॉल आया, जिसमें कहा गया कि उसकी बहन उनके कब्जे में है और उसे छुड़ाने के लिए एक लाख रुपये देने होंगे। युवती को उसकी बहन से बात भी कराई गई। पीड़िता ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद मणिपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मंदिर में डलवाई माला, फिर किया सौदा

आरोपी काबिल अंसारी ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान भिंड के सुरेन्दर कुशवाहा से हुई थी, जो शादी के लिए लड़की ढूंढ रहा था। उसने वादा किया कि लड़की उपलब्ध कराने पर बड़ी रकम दी जाएगी। इसी लालच में काबिल ने अपनी पत्नी की सहेली को फंसाया और सास को भी इसमें शामिल कर लिया। उत्तर प्रदेश के कानपुर में सुमित राठौर से मंदिर में जबरन विवाह करवाया गया और सौदा तय कर 70 हजार रुपये वसूले गए। पीड़िता का मोबाइल भी छीन लिया गया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।

यौन शोषण और मारपीट का भी शिकार

पुलिस ने बताया कि पीड़िता को सुमित राठौर और उसके पिता राकेश राठौर के कब्जे से ग्राम सरावन, जिला जालौन (यूपी) से छुड़ाया गया। युवती ने बताया कि सुमित ने सच्चाई जानने के बाद भी उसके साथ बलात्कार किया। जब वह घर पर नहीं होता, तो उसके पिता राकेश राठौर भी शारीरिक शोषण करता था। भागने की कोशिश करने पर दोनों ने पीड़िता के साथ मारपीट की।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम:

  1. काबिल अंसारी (31) – मूल निवासी झारखंड, वर्तमान में अंबिकापुर में निवास
  2. हीना अंसारी (29) – काबिल की पत्नी
  3. रामेश्वरी सोनवानी (51) – हीना की मां
  4. सुरेन्दर कुशवाहा (26) – भिंड, मध्यप्रदेश
  5. शकील खान (38) – कानपुर, उत्तरप्रदेश
  6. सुमित राठौर (26) – जालौन, उत्तरप्रदेश
  7. राकेश राठौर (52) – सुमित का पिता, जालौन, उत्तरप्रदेश

पुलिस की तत्परता से बची जान

पुलिस की तत्पर कार्रवाई से युवती को समय रहते छुड़ाया जा सका। सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है और बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version