Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ म्यूथाई दल राष्ट्रीय चैंपियनशिप में करेगा प्रदर्शन, रोहतक रवाना…

रायपुर, 9 जून 2025 (भूषण )
हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में 9 से 14 जून 2025 तक आयोजित राष्ट्रीय म्यूथाई चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ राज्य का 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहा है। यह प्रतिष्ठित आयोजन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ (IOC) से मान्यता प्राप्त संस्था IFMA और उसकी भारतीय इकाई यूनाइटेड म्यूथाई एसोसिएशन इंडिया (UMAI) की मान्यता प्राप्त हरियाणा स्पोर्ट्स म्यूथाई एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

51 खिलाड़ियों का चयन, 9 अधिकारी होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ राज्य से इस चैंपियनशिप के लिए 51 खिलाड़ी (28 बालक एवं 23 बालिका) और 9 अधिकारी चयनित हुए हैं। ये सभी खिलाड़ी हाल ही में बालोद जिले के दल्ली राजहरा में आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय म्यूथाई चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन के आधार पर चुने गए हैं। ये खिलाड़ी 8 से 23 वर्ष तथा उससे अधिक आयु वर्ग के विभिन्न वजन श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चुनौती पेश करेंगे।

खिलाड़ियों को रवाना होने से पूर्व ट्रैक सूट भेंट

प्रतियोगिता से पूर्व रायपुर के विवेकानंद मार्शल आर्ट्स एकेडमी में आयोजित एक सादे समारोह में खिलाड़ियों को ट्रैक सूट वितरित किए गए।
यह ट्रैक सूट वितरण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की अनुशंसा पर खेल मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा राज्य म्यूथाई संघ के प्रस्ताव पर स्वीकृत किया गया।
समारोह में योगाचार्य शम्भू गुप्ता मुख्य अतिथि रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया कि उनकी बुनियादी समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

विशिष्टजन हुए उपस्थित

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ म्यूथाई एसोसिएशन के महासचिव अनीस मेमन, मानद उपाध्यक्ष एडवोकेट आंजनेय शुक्ला, अंतरराष्ट्रीय म्यूथाई खिलाड़ी अमन यादव और टिकेश्वरी साहू सहित कई अधिकारी व अभिभावक उपस्थित रहे।

नेताओं व अधिकारियों से शुभकामनाएं

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, खेल मंत्री टंक राम वर्मा, स्वस्थ भारत मिशन के प्रदेश संयोजक शम्भू गुप्ता एवं खेल संचालक तनुजा सलाम ने राज्य दल को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं और विश्वास जताया है कि म्यूथाई खिलाड़ी प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।

जिलावार खिलाड़ी विवरण

प्रशासनिक दल और निर्णायक मंडल

राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा छत्तीसगढ़

पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ के म्यूथाई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य को नई पहचान दिलाई है। प्रदेश में म्यूथाई को मिल रहे प्रोत्साहन के चलते आज बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं इस खेल से जुड़ रहे हैं। यह प्रतियोगिता उनके उत्साह और क्षमताओं को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर होगी।

whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/me यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

Exit mobile version