Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

5 करोड़ की ठगी: रेलवे कर्मी समेत गैंग के 4 अन्य सदस्य गिरफ्तार…

रायपुर : 08 फरवरी 2025 (भूषण )

रायपुर पुलिस ने बीते दिनों छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की भर्ती घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी के साले देवेंद्र जोशी और उनकी पत्नी झगीता जोशी को नौकरी का झांसा देकर ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया था। अब इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवेंद्र और झगीता जोशी के गिरोह के 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक रेलवे का कर्मचारी भी शामिल है। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि इन सभी ने अब तक योजनाबद्ध तरीके से पैनल बनाकर 60 से ज्यादा बेरोजगारों से 5 करोड़ रुपये की ठगी की है।

बता दें कि जिन 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उनमें नफीज आलम (उम्र 33 वर्ष) कोरबा, हलधर बेहरा (31 वर्ष) रायगढ़, सोमेश दुबे (उम्र 44 वर्ष) गरियाबंद और स्वप्निल दुबे (उम्र 44 वर्ष) रायपुर का रहने वाला है। इनमें स्वप्निल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर की वैगन रिपेयर शॉप में तकनीशियन-I पद पर कार्यरत है। गिरोह के मास्टरमाइंड देवेंद्र और झगीता जोशी इन चारों के साथ मिलकर लोगों को बड़े अधिकारियों से जान-पहचान होने का दावा कर सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देते थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने मंत्रालय की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर फर्जी नियुक्ति पत्र तक जारी किए थे।

फरार आरोपियों की तलाश जारी :

गौरतलब है कि मामले में थाना सिविल लाइंस पुलिस ने अब तक लगभग 20 से अधिक पीड़ितों की पहचान की है। जिनसे पूछताछ और दस्तावेज एकत्र कर बारीकी से विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों के भी इस ठगी में शामिल होने के सबूत मिले हैं। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

follow us on channel: https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q follow us on facebookhttps://www.facebook.com/share/166C8TLDZZ

Exit mobile version