Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

500 महिलाओं ने कृषि मंत्री राम विचार नेताम को बनाया बंधक…

कोरबा: 12 जनवरी 2025 (स्वतंत्र छत्तीसगढ़)

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को कृषि मंत्री राम विचार नेताम और कैबिनेट मंत्री लखन देवांगन को करीब 500 महिलाओं ने बंधक बना लिया। दोनो ही मंत्री एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोरबा पहुंचे थे। लेकिन वहां पहुंचते ही महिलाओं के गुस्से का शिकार हो गए। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां फ्लोरा मैक्स कंपनी द्वारा की गई कथित 500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को लेकर महिलाएं आक्रोशित थीं।

बता दें कि जैसे ही मंत्री नेताम का काफिला कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, गुस्साई महिलाओं ने उसे घेर लिया और मंत्री को जाने से रोक दिया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी समस्याओं का हल नहीं निकाला जाएगा, वे मंत्री को वहां से जाने नहीं देंगी।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि फ्लोरा मैक्स कंपनी ने करीब 500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर उनके जीवन भर की मेहनत की कमाई लूट ली है। महिलाओं का कहना है कि वे लंबे समय से इस मामले में न्याय की गुहार लगा रही हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

फ्लोरा मैक्स कंपनी ने कथित तौर पर महिलाओं से कृषि योजनाओं और निवेश के नाम पर पैसे लिए थे, लेकिन कंपनी ने ना तो वादे पूरे किए और ना ही उनके पैसे लौटाए। इस घोटाले से प्रभावित अधिकांश महिलाएं ग्रामीण इलाकों से ताल्लुक रखती हैं और अपनी मेहनत की कमाई खो चुकी हैं।

दरअसल साल 2022 में शुरू हुई फ्लोरा मैक्स कंपनी ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का वादा किया था। कंपनी ने महिलाओं को बैंकों से ऋण दिलवाया और बदले में सामान उपलब्ध कराया। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद कंपनी ने किश्तें चुकाना बंद कर दिया। इसके बाद कंपनी से जुड़े कुछ लोग करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए और कंपनी ने अपना संचालन पूरी तरह बंद कर दिया। अब बैंकों ने कर्ज की वसूली के लिए महिलाओं पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। महिलाएं आरोप लगा रही हैं कि बैंक कर्मचारी उनके घर आकर धमकी दे रहे हैं। इस दबाव के चलते महिलाएं मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कुछ महिलाओं ने आत्महत्या की धमकी तक दे डाली है।

खबरें और भी…

Exit mobile version